डीएसी की बैठक में 46 हजार करोड़ रुपये के रक्षा सौदों को मंजूरी
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में 25 अगस्त को नई दिल्ली में रक्षा खरीद परिषद (डीएसी) की बैठक हुई. डीएसी सेना से जुड़ी खरीदी पर फैसला करने वाली सबसे बड़ी बॉडी है. डीएसी की इस बैठक में परिषद ने नौसेना के लिए 21 हजार करोड़ रुपये की लागत से 111 हेलीकॉप्टरों सहित कुल 46 हजार करोड़ रुपये के रक्षा सौदों को मंजूरी दी गयी. रक्षा खरीद परिषद ने इस बैठक में नौसेना के लिए 24 बहुउद्देशीय हेलीकॉप्टर एमएच 60 रोमियो, सेना के लिए 3364 करोड़ रुपये की लागत से 150 तोप और नौसेना के लिए छोटी दूरी की 14 मिसाइल प्रणाली की खरीद को भी मंजूरी गयी.
मेक-इन-इंडिया के तहत 111 हेलिकॉप्टर्स का निर्माण: डीएसी ने 111 हेलिकॉप्टर्स की खरीद को मंजूरी दी है. इसमें 21 हजार करोड़ रुपये का खर्च होगा. इसका निर्माण मेक-इन-इंडिया योजना को रक्षा क्षेत्र में बढ़ावा देने के ‘सामरिक भागीदारी मॉडल’ के तहत किया जायेगा. सामरिक भागीदारी मॉडल के तहत रक्षा मन्त्रालय का यह पहला प्रोजेक्ट है. आनेवाले नए 111 हेलिकॉप्टर्स मौजूदा चेतक हेलिकॉप्टर्स की जगह लेंगे. इन हेलीकॉप्टरो का उपयोग युद्धक मिशन के साथ-साथ खोज और राहत अभियानों तथा निगरानी कार्य के लिए भी किया जायेगा.
क्या है सामरिक भागीदारी मॉडल? सामरिक भागीदारी मॉडल के तहत भारतीय सामरिक भागीदार लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर , पनडुब्बी और बख्तरबंद वाहन जैसे बडे रक्षा प्लेटफार्म देश में ही बनायेंगे. ये भागीदार इसके लिए देश में ही संयंत्र स्थापित करेंगे और इससे संबंधित अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी अपने विदेशी भागीदार से हासिल करेंगे. इस मॉडल का दीर्घावधि उद्देश्य भारत को रक्षा उत्पादन क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ भारत को रक्षा उपकरणों के उत्पादन के हब के रूप में विकसित करना है.
24 मल्टी रोल वाले एमएच-60 रोमियो चॉपर्स: डीएसी ने नौसेना के लिए 24 बहुउद्देशीय हेलिकॉप्टरों की भी मंजूरी दी है. ये हेलिकॉप्टर सीधे अमेरिकी सरकार से खरीदे जायेंगे. इन हेलीकॉप्टरों से लैस होने के बाद नौसेना की ताकत काफी बढ़ जायेगी क्योंकि ये हेलिकॉप्टर पनडुब्बी रोधी अभियानों के साथ-साथ फायर स्पोर्ट और समुद्र में पूर्व चेतावनी संबंधी काम भी करेंगे. इन हेलिकॉप्टरों को युद्धपोतों पर तैनात किया जा सकता है.
150 स्वदेशी अत्याधुनिक तोप: सेना के आधुनिकीकरण के लिए सरकार ने देश में ही बनी 150 स्वदेशी अत्याधुनिक तोप प्रणाली की खरीद को भी मंजूरी दी है. इस तोप प्रणाली का डिजायन और विकास रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा किया जायेगा. इस प्रोजेक्ट की लागत 3364 करोड रूपये होने का अनुमान है.
14 छोटी दूरी की मिसाइल प्रणाली: डीएसी ने नौसेना के लिए 14 छोटी दूरी की मिसाइल प्रणाली की खरीद को भी मंजूरी दी. इनमें से दस मिसाइल प्रणालियों को देश में ही विकसित किया जायेगा.
चीन ने दो नौवहन उपग्रहों का प्रक्षेपण किया
चीन ने 25 अगस्त को दो नौवहन उपग्रहों का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया. यह प्रक्षेपण दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत के शिचांग उपग्रह प्रक्षेपण केद्र से किया गया. दोनों उपग्रहों का प्रक्षेपण एक ही रॉकेट ‘ लांग मार्च-3बी’ से गया. दोनों उपग्रहों को चीन विज्ञान अकादमी की माइक्रो साइटेसाइट्स इनोवेशन अकादमी द्वारा विकसित किया गया है.
आपसी व्यापार को बढ़ाने के लिए भारत और सिंगापुर में सहमति
भारत और सिंगापुर ने आपसी व्यापार को सुगम और सरल बनाने के लिए व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते में संशोधन के दूसरे सहमति-पत्र पर 24 अगस्त को हस्ताक्षर किये. नई दिल्ली में वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के संयुक्त सचिव रजनीश और सिंगापुर सरकार के व्यापार और उद्योग मंत्रालय के वरिष्ठ निदेशक फ्रांसिस चोंग ने इस पर दस्तख़त किए.
इंद्रा नूई को एशिया सोसाइटी का गेमचेंजर अवार्ड
पेप्सिको की भारतीय मूल की सीईओ इंद्रा नूई को ग्लोबल कल्चरल आर्गनाइजेशन 2018 का ‘गेम चेंजर ऑफ द ईयर अवार्ड’ देने की घोषणा की है. यह पुरस्कार उनकी कारोबारी उपलब्धि, दुनियाभर में मानवीय सेवा के रिकॉर्ड और महिलाओं एवं लड़कियों के अधिकारों को सशक्त करने के लिए प्रदान किया जायेगा. उल्लेखनीय है कि भोजन, पोषण, जल, जलवायु परिवर्तन और महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र के साथ पेप्सिको की भागीदारी रही है.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
बिम्सटेक सम्मेलन में प्रधानमंत्री हिस्सा लेंगे: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अगस्त को नेपाल की राजधानी काठमांडू में दो दिन के बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. बिम्सटेक बंगाल की खाड़ी के आसपास के सात देशों का क्षेत्रीय सहयोग संगठन है. इसकी स्थापना 1997 में हुई थी और इसके सदस्यों में बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल, श्रीलंका, म्यांमा और थाईलैंड शामिल हैं. नेपाल बिम्सटेक का मौजूदा अध्यक्ष है.
अमेरिकी विदेश मंत्री का उत्तर कोरिया दौरा रद्द: अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने विदेस मंत्री माइक पोम्पिओ के उत्तर कोरिया के आगामी दौरे को रद्द कर दिया है. इसके अलावा परमाणु संपन्न देश के निरस्त्रीकरण के प्रयासों को लेकर चीन की आलोचना की.
विदेश मंत्री की विएतनाम और कंबोडिया की यात्रा: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज विएतनाम और कंबोडिया की चार दिन की यात्रा पर 27 अगस्त को जाएँगी. इस दौरान वह विएतनाम में हिन्द महासागर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी. श्रीमती स्वराज 27 और 28 अगस्त को विएतनाम में रहेंगी और संयुक्त आयोग की 16वीं बैठक की विएतनाम के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री फाम बिन्ह, मिन्ह के साथ सह अध्यक्षता करेंगी.
अमरीका ने पाकिस्तान से आतंकियों पर कार्रवाई करने को कहा: अमरीकी विदेश मंत्री माइक पाम्पियो ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से अपने यहां सक्रिय आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने को कहा है. उधर पाकिस्तान के विदेश विभाग ने अमरीका के बयान पर कडी आपत्ति की और कहा है कि यह तथ्यात्मक रूप से गलत है.
वाजपेयी को एक अनुकरणीय राजनेता: संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरश ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को एक अनुकरणीय राजनेता बताया है. संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने यह भी कहा कि स्वर्गीय वाजपेयी को प्रधानमंत्री के रूप में हमेशा याद किया जायेगा जिन्होंने भारत और विश्व में शांति तथा विकास के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य किया.

