agni5 missile test launch 4-6-18

अग्नि-5 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण

भारत ने 3 जून को लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-5’ का सफल परीक्षण किया. यह परीक्षण ओडिशा तट (बंगाल की खाड़ी) पर अब्दुल कलाम द्वीप पर एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) से किया गया. इस मिसाइल को सचल प्रक्षेपक (मोबाइल लांचर) की मदद से प्रक्षेपित किया गया. लम्‍बी दूरी की इस अत्याधुनिक अग्नि-5 मिसाइल का यह छठा परीक्षण था और यह पूरी तरह सफल रहा. अग्नि श्रृंखला की अन्‍य मिसाइलों से हटकर अग्नि-5 मिसाइल में इंजन, प्रक्षेपास्‍त्र और नेविगेशन की नई तकनीक को शामिल किया गया है.

अग्नि-5: महत्त्वपूर्ण तथ्यों पर एक दृष्टि

  • इसे भारत में स्वदेशी तकनीक से रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने विकसित किया है.
  • यह परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है
  • यह एक टन से अधिक वजन का परमाणु अस्‍त्र ले जा सकती है.
  • मिसाइल की मारक क्षमता 5,000 किलोमीटर है.
  • इसकी स्पीड ध्वनि की गति से 24 गुना ज्यादा है.
  • इस मिसाइल का वजन लगभग 50 टन, लंबाई लगभग 17 मीटर और चौड़ाई 2 मीटर है.
  • यह सतह से सतह मार करने में सक्षम है.
  • अग्नि-5 चीन के सभी इलाकों समेत यूरोप के ज्यादातर हिस्सों तक मार कर सकती है.

उल्लेखनीय है कि पृथ्वी और धनुष जैसी कम दूरी तक मार करने में सक्षम मिसाइलों के अलावा भारत के बेड़े में अग्नि-1, अग्नि-2 और अग्नि-3 मिसाइलें हैं. इन्हें पाकिस्तान को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. अग्नि-4 और अग्नि-5 मिसाइलों को चीन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. कुछ और परीक्षणों के बाद इसे सेना में शामिल कर लिया जायेगा. एक बार सेना में शामिल होने के बाद भारत भी अंतरमहाद्वीपीय बेलेस्टिक मिसाइल रखने वाले अमरीका, रूस, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन जैसे देशों के सुपर एक्‍सक्‍लूसिव क्‍लब में शामिल हो जायेगा.

फिलिस्तीन की सुरक्षा के लिये यूएन में लाए गए प्रस्ताव पर अमेरिका ने वीटो किया

फिलिस्तीनियों की सुरक्षा के लिये अरब देशों की ओर से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में लाए गए प्रस्ताव पर अमेरिका ने 2 जून को वीटो कर दिया. इजरायली सेना की गोलीबारी में 100 से ज्यादा फिलिस्तीनियों के मारे जाने के बाद इजरायल की निंदा के लिए यह प्रस्ताव अरब देशों की ओर से कुवैत ने रखा था. इसके पक्ष में चीन, फ्रांस और रूस समेत दस देशों ने मतदान किया था, जबकि ब्रिटेन, इथोपिया, नीदरलैंड और पौलेंड गैर हाजिर रहे थे. 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद में इस प्रस्ताव के मसौदे को स्वीकार करने के लिए नौ मतों की आवश्यकता थी और पांच स्थायी देशों की ओर से वीटो भी नहीं होना चाहिए था.

क्या है वीटो? वीटो लैटिन शब्द है जिसका अर्थ है ‘मैं निषेध करता हूँ’, किसी देश के अधिकारी को एकतरफा रूप से किसी कानून को रोक लेने का यह एक अधिकार है. संयुक्त राष्ट्र संघ सुरक्षा परिषद में, इसके स्थायी सदस्य (संयुक्त राष्ट्र अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, रूस और चीन) किसी प्रस्ताव को रोक सकते हैं या सीमित कर सकते हैं.

अमरीका की राजदूत निक्की हेली ने परिषद से कहा कि गाजा में हाल की हिंसा पर इजरायल की निंदा के लिए लाए गए प्रस्ताव का मसौदा पूरी तरह से गलत है. इस प्रस्ताव के मसौदे की सामग्री कुवैत ने तैयार की है जो गाजा और कब्जाए गए पश्चिमी तट पर फिलिस्तीनी नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षण की गारंटी की मांग करता है.

ब्रिटेन में भारतीय रेस्तरां के मेन्यू कार्ड नीलामी में 11,344 डालर की बोली लगाई गई

ब्रिटेन में आज से 200 वर्ष से भी कुछ अधिक समय पूर्व स्थापित पहले भारतीय रेस्तरां ‘हिन्दुस्तानी डिनर एंड हुक्का स्मोकिंग क्लब’ के एक दुर्लभ मेन्यू कार्ड के लिए हुई नीलामी में 11,344 डालर की बोली लगाई गई. इस रेस्तरां की स्थापना शेख दीन मोहम्मद ने 1809 में लंदन के पोर्टमैन स्क्येर पर की थी. मूल रूप से बिहार के मोहम्मद एक भारतीय पर्यटक और कारोबारी थे.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

विदेश मंत्री दक्षिण अफ्रीका की यात्रा पर: विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज दक्षिण अफ्रीका की पांच दिन की यात्रा पर हैं. विदेश मंत्री चार जून को ब्रिक्‍स देशों के विदेशमंत्रियों की बैठक में भाग लेंगी तथा भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका मंच (IBSA) के विदेशमंत्रियों की बैठक की अध्‍यक्षता करेंगी. श्रीमती स्वराज ने दक्षिण अफ्रीका जाते हुए मॉरीशस में रुककर वहां के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगनाथ से भेंट की.

प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने के लिए भारत की सराहना: संयुक्‍त राष्‍ट्र ने कहा है कि भारत ने प्‍लास्टिक प्रदूषण रोकने के प्रति वचनबद्धता व्‍यक्‍त करके और इस चुनौती से निपटने के लिए श्रेष्‍ठ प्रक्रियाओं से विश्‍व मंच पर एक उदाहरण प्रस्‍तुत किया है.

प्रामाणिक क़दम उठाने के बाद ही उत्‍तर कोरिया को राहत: अमरीका के रक्षामंत्री जेम्‍स मैटीस ने कहा है कि परमाणु निरस्‍त्रीकरण की दिशा में प्रामाणिक क़दम उठाने के बाद ही उत्‍तर कोरिया को प्रतिबंधों से राहत दी जा सकती है.

ट्यूनीशिया के दक्षिणी तट पर जहाज दुर्घटना: ट्यूनीशिया के दक्षिणी तट पर जहाज डूब जाने से करीब 48 शरणार्थिों की मौत हो गई है. दूसरे देशों की सीमा में बेहतर भविष्य के लिये ट्यूनीशिया के प्रवासी नियमित रूप से भूमध्य सागर को पार करने की कोशिश करते हैं.

राष्ट्रपति ने खारिज की दया याचिका: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने सामने विचार के लिए लाई गई पहली दया याचिका खारिज कर दी है. राष्ट्रपति पद संभालने के बाद कोविंद पास यह पहली दया याचिका दायर की गई थी. बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड में घटी यह भयावह घटना 2006 की है. जगत राय नाम के एक व्यक्ति ने भैंस चोरी होने के मामले में विजेंद्र महतो और उसके परिवार के छह सदस्यों को जिंदा जला दिया था.