प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जून को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता की. यह वार्ता शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के 18वें शिखर बैठक से पहले हुई. एससीओ शिखर बैठक चीन के चिंगदाओ में आयोजित किया गया है. प्रधानमंत्री मोदी इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए वहां गये थे. दोनों नेताओं के बीच हुई वार्ता में द्विपक्षीय एवं नियंत्रण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने हाल ही में चीन के वुहान शिखर वार्ता में उनके द्वारा किये गये फैसलों के क्रियान्वयन की समीक्षा की. भारत-चीन संबंधों को मजबूत करने के लिए मोदी ने अप्रैल 2018 में चीनी शहर वुहान में शी से मुलाकात की थी.

दोनों देशों के बीच दो अहम समझौते: मोदी-शी की इस वार्ता के बाद, चीन द्वारा भारत को ब्रहमपुत्र नदी के जल आवागमन, वितरण और गुणवत्ता संबंधी सूचनाएं साझा करने तथा भारत से चीन को चावल निर्यात संबंधी सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए. दूसरे समझौते के तहत भारत से चीन को चावल का निर्यात और सुगम हो सकेगा.

दोनों देश के बीच एक नया तंत्र स्थापित करने पर सहमति: दोनों नेता दोनों देशों के लोगों के बीच एक नया तंत्र स्थापित करने के लिए सहमत हुए हैं. इस तंत्र की पहली बैठक इसी साल होगी. दोनों देशों के विदेश मंत्री अपने-अपने देश का इसमें नेतृत्व करेंगे.

अफगानिस्तान में मिलकर काम करने की परियोजना: मोदी-चिनफिंग बैठक के दौरान अफगानिस्तान में क्षमता निर्माण के क्षेत्र में भारत और चीन एक विशेष परियोजना की पहचान संयुक्त रूप से करने पर सहमत हुए हैं. उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान में अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए चीन इससे पहले पाकिस्तान का समर्थन कर रहा था.

अगले साल भारत आएंगे जिनपिंग: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अगले वर्ष भारत में वुहान जैसी अनौपचारिक वार्ता के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमन्त्रण को स्वीकार कर लिया है.

शंघाई सहयोग संगठन का 18वां शिखर सम्मेलन

शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का 18वां शिखर सम्मेलन चीन के पूर्वी शांगदोंग प्रांत में आयोजित किया गया है. इस सम्मेलन में भाग लेने गये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एससीओ के महासचिव राशिद अलीमोव से मुलाकात की और कहा कि भारत संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी तथा इसके अन्य सदस्यों के साथ मिलकर काम करने का इच्छुक है. मोदी के साथ मुलाकात के दौरान अलीमोव ने कहा, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 16 जून को पेइचिंग में एससीओ मुख्यालय में मनाया जाएगा.

एससीओ के पूर्णकालिक सदस्य के रूप में भारत की यह पहली शिखर वार्ता है. यह पहली बार है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहा है. भारत और पाकिस्तान पिछले वर्ष ही एससीओ के पूर्णकालिक सदस्य बने हैं. फिलहाल इसमें आठ सदस्य देश हैं जो विश्व की करीब 42 फीसदी जनसंख्या और 20 प्रतिशत नियंत्रण जीडीपी का प्रतिनिधित्व करते हैं.
एससीओ के सदस्य देश: फिलहाल एससीओ में आठ सदस्य देश हैं. रूस, चीन, किर्गिज गणराज्य, कजाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उजबेकिस्तान के राष्ट्रपतियों ने 2001 में शंघाई में एससीओ की नींव रखी थी. भारत और पाकिस्तान को वर्ष 2017 में एससीओ का पूर्णकालिक सदस्य बनाया गया.

भारत-संयुक्‍त राष्‍ट्र विकास भागीदारी कोष में सहयोग के लिए भारत का आभार

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरेस ने भारत-संयुक्‍त राष्‍ट्र विकास भागीदारी कोष में सहयोग के लिए भारत का आभार व्‍यक्‍त किया है. वे इस कोष की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे. यह कोष पिछले वर्ष विकासशील देशों से संबद्ध सतत विकास की परियोजनाओं को लागू करने के लिए शुरू किया गया था. अप्रैल 2018 में भारत सरकार ने इस कोष के अंतर्गत अलग से एक राष्‍ट्रमंडल विंडो की स्‍थापना की थी, जिसका उद्देश्‍य राष्‍ट्रमंडल में शामिल विकासशील देशों के साथ साझेदारी कायम करना है. श्री गुतरेस ने इस कोष में योगदान और संयुक्‍त राष्‍ट्र के साथ साझेदारी के लिए भारत को धन्‍यवाद दिया है.

ऑस्ट्रिया में इस्लाम के राजनीतिकरण और मस्जिदों की विदेशी फंडिंग पर रोक

ऑस्ट्रिया सरकार ने इस्लाम के राजनीतिकरण और मस्जिदों की विदेशी फंडिंग पर रोक लगाने का फैसला किया है. इसके तहत सरकार ने 60 इमाम और उनके परिवारों को देश से निकालने का 8 जून को फैसला लिया. साथ ही सरकार विदेश से चंदा लेने वाली सात मस्जिदों को भी बंद करेगी. ऑस्ट्रिया सरकार ने धार्मिक मामलों के प्राधिकरण की जांच के नतीजों के आधार पर यह फैसला लिया है.

जी-7 में रूस को फिर शामिल करने के अमेरिका के प्रस्‍ताव का विरोध

जी-7 के यूरोपीय देशों ने इस संगठन में रूस की वापसी के अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के प्रस्ताव का सर्वसम्मति से विरोध किया है. कनाडा में चल रहे जी-7 देशों के शिखर सम्मेलन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों श्री मैक्रों, जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल, ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीज़ा मे और इटली के नए प्रधानमंत्री ज्यूजेस्प कोन्ते जी-7 ने सम्मेलन से अलग रूस को जी-7 में फिर शामिल करने के अमेरिका के प्रस्‍ताव का विरोध किया. इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रुप-7 (जी-7) से रूस के निष्कासन को वापस लेने की बात कही थी.

उल्लेखनीय है कि 2014 मे यूक्रेन पर रूस द्वारा अतिक्रमण करने के बाद अमेरिका ने इस ग्रुप से रूस को बाहर निकाल दिया था. इससे पहले इस ग्रुप को जी-8 के नाम से जाना जाता था. इस ग्रुप में संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, कनाडा, जापान, इटली, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी और फ्रांस जैसे दुनिया के बड़े आर्थिक देश शामिल हैं.

बैंकों के फंसे कर्जों के समाधान के लिए सुनील मेहता की अध्‍यक्षता में एक समिति का गठन

सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के फंसे कर्जों की समस्‍या के समाधान के लिए वित्‍तमंत्री पीयूष गोयल ने 8 जून को सुनील मेहता की अध्‍यक्षता में एक समिति का गठन करने की घोषणा की. यह समिति सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के फंसे हुए कर्जों के तेजी से समाधान के लिए दो सप्‍ताह में अपनी सिफारिश सरकार के देगी.

फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट 2018 के महिला एकल का ख़िताब सिमोना हालेप को

फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट 2018 के महिला एकल का ख़िताब विश्व की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी रोमानिया की सिमोना हालेप ने जीत लिया है. इस प्रतियोगिता के फाइनल में 9 जून को हालेप ने अमेरिका की स्लोएन स्टीफंस के खिलाफ 3-6, 6-4, 6-1 से जीत दर्ज की. यह हालेप के कॅरियर का पहला ग्रैंड स्लेम ख़िताब है.

इंजीनियर जेएस गिल र्वल्ड बुक ऑफ रिकार्ड से सम्मानित

इंजीनियर जसवंत सिंह गिल को 9 जून को र्वल्ड बुक ऑफ रिकार्ड से सम्मानित किया गया. इंजीनियर गिल ने 16 नवम्बर 1989 के को पश्चिम बंगाल के रानी गंज की 330 फीट गहरी महाबीर कोयले की खदान से 65 लोगों जिंदा बचाया था. इंजीनियर गिल दुनिया के इकलौते व्यक्ति हैं जिन्होने अपनी सूझबूझ से आपात काल में लोहे का अद्बुध कैप्सूल बनाया और खदान प्रबंधन तथा सरकार के मना करने के बावजूद अकेले खतरनाक खदान में घुसे और छह घंटे की अनथक मेहनत के बाद सभी को जिंदा निकालने के बाद आखिर में खुद बाहर आए. गिल का नाम इसी साल लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में भी दर्ज किया जा चुका है. उनकी इस बहादुरी के लिए 1991 में तत्कालीन राष्ट्रपति द्वारा उनको सवोर्त्तम जीवन रक्षा पद से नवाजा जा चुका है.

याहू मैसेंजर की सेवाएं बंद करने की घोषणा

दूरसंचार दिग्गज वेरीजोन की सहायक कंपनी ओथ ने 17 जुलाई से याहू मैसेंजर की सेवाओं को बंद करने की घोषणा की है. ओथ याहू का संचालन करती है. 17 जुलाई के बाद याहू मैसेंजर पर चैट सेवा कार्य करना बंद कर देगी.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

एससीओ की 18 वीं बैठक शुरू: चीन के चिंगदाओ में एससीओ शिखर सम्मेलन की 18 वीं बैठक की शुरुआत हो गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक में शामिल हों रहे हैं. सम्मेलन की शुरुआत पर मेजबान देश चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी सदस्य देशों के नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया.

सीरिया के विद्रोहियों के इलाके में रूस का हवाई हमला: सीरिया के उत्तर पश्चिमी इदलिब प्रांत में विद्रोहियों के कब्जे वाले रिहाइशी इलाके में रूस के संदिग्ध हवाई हमलों में 51 नागरिक मारे गए हैं. ये हमले सीरिया के इदलिब के ज़रदाना इलाके में किये गए.

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सफाई का दायरा बढ़ कर 85 प्रतिशत: स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्रामीण भारत में सफाई का दायरा बढ़ कर 85 प्रतिशत हो गया है. पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय के अनुसार ग्रामीण भारत में सात करोड़ चालीस लाख शौचालय बनाए जाने के बाद तीन लाख अस्सी हजार गांव और 391 जिले खुले में शौच से मुक्त घोषित किए गए हैं.

महिला एशिया कप ट्वेंटी-ट्वेंटी का फाइनल भारत और बांग्‍लादेश के बीच: क्‍वालालम्‍पुर में महिला एशिया कप ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट के फाइनल में भारत का मुकाबला बांग्‍लादेश से होगा. भारत पाकिस्‍तान को सात विकेट से हराकर फाइनल में पहुंचा है.

फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट: फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल का फाइनल राफेल नडाल और डोमिनिक थिएम से होगा. महिला एकल के फाइनल में रोमानिया के सिमोना हालेप और अमरीका की स्‍लोएन स्‍टीफेंस के बीच मुकाबला हुआ.

अफगान सरकार की अस्थायी संघर्ष विराम घोषणा: संयुक्तराष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अफगानिस्तान सरकार की तालिबान के खिलाफ एक सप्ताह लंबे संघर्षविराम की घोषणा का स्वागत किया है और तालिबान से अपील की है कि वह भी ऐसी ही प्रतिक्रिया दिखाएं. अफगानिस्तान सरकार ने जो अस्थायी संघर्ष विराम की घोषणा की है, वह 12 जून से लागू होगा और रमजान के खत्म होने से लेकर ईद–उल–फितर के पांचवे दिन तक जारी रहेगा.

भारत और रूस विभिन्न क्षेत्रों में मिलकर काम कर सकते है: रूस में भारत के राजदूत पंकज शरण ने कहा कि भारत व रूस परमाणु ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में तीसरे देशों में मिलकर काम कर सकते हैं. भारत ने असैन्य परमाणु सहयोग के लिए बांग्लादेश के साथ समझौता किया है जिसके तहत वह रूसी प्रौद्योगिकी से बनने वाले रूपपुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के लिए विशेषज्ञता व परियोजना समर्थन देगा.

चाबहार बंदरगाह पर अगले हफ़्ते से परिचालन: ईरान स्थित चाहाबार पोर्ट से अगले हफ़्ते से अंतरिम परिचालन शुरू हो जाएगा. भू-राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण यह बंदरगाह भारत के सहयोग से तैयार हुआ है. इसके ज़रिए भारत को अफगानिस्तान और मध्य एशिया के देशों तक सीधी पहुंच मिलेगी.