उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु परीक्षण स्थल को ध्वस्त किया
उत्तर कोरिया ने 24 मई को अपने पंग्गी-री परमाणु परीक्षण स्थल को ध्वस्त कर दिया. परमाणु परीक्षण स्थल को ध्वस्त करने के लिए एक के बाद एक कई विस्फोट किये गये. इस दौरान विदेशी पत्रकारों का एक समूह भी उपस्थित था.
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी प्रस्तावित शिखर वार्ता के मद्देनजर उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने परीक्षण स्थल को बंद करने की घोषणा की थी.
‘ग्लोबल बर्डेन ऑफ डिजीज’ का अध्ययन रिपोर्ट में भारत 145वें स्थान पर
स्वास्य सुविधाओं तक पहुंच और इनकी गुणवत्ता मामले में ‘ग्लोबल बर्डेन ऑफ डिजीज’ का अध्ययन रिपोर्ट हाल ही में जारी किया गया. इस रिपोर्ट में भारत को इस मामले 145वें स्थान पर रखा गया है. अध्ययन में वर्ष 2016 में स्वास्य सुविधाओं तक पहुंच और गुणवत्ता के मामले में भारत को 41.2 (वर्ष 1990 में 24.7) मिले थे. वर्ष 2000 से 2016 के बीच स्वास्य सुविधाओं तक पहुंच और गुणवत्ता मामले में एचएक्यू सूची में भारत की स्थिति में जबरदस्त सुधार देखा गया. इसके अनुसार वर्ष 2016 में गोवा और केरल के सबसे अधिक अंक रहे. प्रत्येक के अंक में 60 प्वाइंट की बढ़ोतरी देखी गई जबकि असम और उत्तर प्रदेश में यह सबसे कम 40 से नीचे रहा. भारत का स्थान चीन (48), श्रीलंका (71), बांग्लादेश (133) और भूटान (134) से पीछे है. इस सूची में नेपाल (149), पाकिस्तान (154) और अफगानिस्तान (191) स्थान पर है.
फ्रांस और मोरक्को के साथ अक्षय ऊर्जा समझौते को मंजूरी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने फ्रांस और मोरक्को के साथ अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में दो अलग-अलग सहमति ज्ञापन (एमओयू) को मंजूरी दी. भारत और फ्रांस के बीच 10 मार्च, 2018 को अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में एमओयू पर दस्तखत किए गए थे. इसे 23 मई को मंजूरी दी गई. इस समझौते के तहत दोनों पक्ष दोनों पक्ष कई तरीकों संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, शोध एवं विकास, कार्यशालाओं, शोध एवं प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान आदि के जरिये एक-दूसरे के साथ सहयोग करेंगे. एमओयू के तहत विशेषज्ञता और सूचनाओं की नेटवर्किंग का भी आदान प्रदान होगा.
वाम चरमपंथ परियोजना का के दूसरे चरण में 4,072 टावर लगाने को मंजूरी
प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 23 मई को हुयी मंत्रिमंडल की बैठक में देश के 10 राज्यों के नक्सल प्रभावित 96 जिलों में 4,072 टावर लगाने को मंजूरी दी गयी. इसमें 7,330 करोड़ रुपए की लागत आएगी. गृह मंत्रालय द्वारा चिह्नित स्थानों पर ये टावर लगाये जायेंगे जो यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड से समर्थित है. वाम चरमपंथ परियोजना का यह दूसरा चरण है. पहले चरण में 4080.78 करोड़ रपए की लागत से 2,335 टावर लगाये जा चुके हैं. अब इसके दूसरे चरण में 96 जिलों में 4,072 टावर लगाने की योजना है. पहले चरण में सिर्फ टू जी टावर लगाये गये थे लेकिन अब उन क्षेत्रों 4 जी और ब्राडबैंड कनेक्टिविटी के लिए नये टावर लगाये जायेंगे.
भारतीय रुपये में भुगतान लेने के लिये भारत और वेनेजुएला में सहमति
कच्चे तेल की आपूर्ति का भुगतान भारतीय रुपये में लेने के लिये भारत और वेनेजुएला में सहमति हुई है. वेनेजुएला चाहता है कि भारत उससे तेल खरीदे और रुपये में भुगतान करे. इस राशि से वेनेजुएला भारत से खाद्य उत्पाद और दवाएं खरीद सकता है. वेनेजुएला ने इसी प्रकार की व्यवस्था तुर्की, चीन और रूस के साथ भी की है.
उल्लेखनीय है कि वेनेजुएला एक दक्षिण अमेरिकी देश है, जहाँ अमेरिका ने कड़े आर्थिक प्रतिबन्ध लगा रखे हैं. इन प्रतिबंधों के तहत वेनेजुएला से व्यापार करने वाले देश भी आर्थिक प्रतिबंधों के दायरे में आ सकते है. इस सहमति के बाद दोनों देशों को अमेरिका द्वारा लगाये गये प्रतिबंध से बचाया जा सकेगा.
पोस्त दाना के लिए भारत-तुर्की में करार को मंजूरी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पोस्त दाना के कारोबार को लेकर भारत और तुर्की के बीच करार को 23 मई को मंजूरी दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इसका फैसला लिया गया. इस करार के तहत तुर्की अनाज बोर्ड पोस्त दाना के तुर्की से भारत होने वाले निर्यात के नियमन के लिए ऑनलाइन व्यवस्था करेगा. भारत सरकार, तुर्की की सरकार से विचार विमर्श करके आयात की मात्रा निर्धारित करेगी. निर्यातक कंपनियां तुर्की अनाज बोर्ड से पंजीकृत होंगी, जबकि भारतीय आयातक के साथ पोस्त दाना का प्रत्येक करार ऑनलाइन प्रणाली के तहत बोर्ड से पंजीकृत होगा.
एचडी कुमारस्वामी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली
कर्नाटक में जनता दल-एस नेता एचडी कुमारस्वामी ने 23 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. मुख्यमंत्री के साथ डॉ. जी परमेश्वर ने उप-मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.
उल्लेखनीय है कि 19 मई को कर्णाटक विधानसभा में विश्वास मत से पहले ही बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद राज्यपाल ने कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था.
विधानसभा के हाल ही में संपन्न चुनावों में जनता दल (एस) को 38 सीटें मिली थी और कांग्रेस ने उसे समर्थन देने की घोषणा की थी. श्री कुमारस्वामी पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के पुत्र हैं.
मणिपुर में देश का पहला खेल विश्वविद्यालय
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मणिपुर में देश का पहला खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए एक अध्यादेश को 23 मई को मंजूरी दी. राष्ट्रपति के अध्यादेश पर हस्ताक्षर करने के बाद इसका क्रियान्वयन किया जायेगा. मणिपुर सरकार ने पहले ही प्रस्तावित विश्वविद्यालय के लिए भूमि आवंटित कर दी है.
विश्व के 100 प्रमुख खिलाड़ियों की ईएसपीएन सूची में 11 भारतीय
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल को विश्व के 100 प्रमुख खिलाड़ियों की ईएसपीएन सूची में शामिल किया गया है. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट ने 11वां पायदान हासिल किया है. वहीं धोनी उनसे नौ स्थान पीछे 20वें पायदान पर हैं. दुनियाभर में विभिन्न खेलों से जुड़े 100 दिग्गज खिलाड़ियों की जारी सूची में कुल 11 भारतीय एथलीट हैं जिसमें से अकेले नौ क्रिकेटर हैं. ईएसपीएन की 11 भारतीय खिलाड़ियों को सूची में रोहित शर्मा 30वें, सुरेश रैना 41वें, युवराज सिंह 57वें, रविचंद्रन अश्विन 71वें, हरभजन सिंह 80वें, गौतम गंभीर 83वें और शिखर धवन 94वें स्थान पर हैं. क्रिकेटरों के अलावा सायना नेहवाल 50वें पायदान सानिया मिर्जा 100वें पायदान पर हैं.
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
सात महीने में 39 लाख रोजगार सृजन: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के रोजगार आंकड़ों के अनुसार मार्च तक समाप्त सात माह की अवधि में 39.36 लाख नए रोजगार के अवसरों का सृजन हुआ है. आंकड़ों के अनुसार मार्च में 6.13 लाख नए रोजगार का सृजन हुआ. जिन क्षेत्रों में उल्लेखनीय रूप से रोजगार पैदा हुए उनमें इलेक्ट्रिक, मेकेनिकल या सामान्य इंजीनियरिंग उत्पाद शामिल हैं. इसके बाद भवन एवं निर्माण उद्योग, ट्रेडिंग और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान और कपड़ा शामिल हैं.
राज्य के भीतर ई-वे बिल प्रणाली 3 जून से: राज्य के भीतर ही सामान की आवाजाही के लिए ई-वे बिल प्रणाली 3 जून से देशभर में अनिवार्य होगी. सरकार ने 1 अप्रैल से एक राज्य से दूसरे राज्य में 50,000 रुपये से अधिक के सामान की आवाजाही के लिए इलेक्ट्रॉनिक वे या ई-वे बिल प्रणाली लागू की थी.
आतंक निरोधक सहयोग पर चर्चा: पाकिस्तान ने 23 मई को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की एक बैठक में कहा कि आतंकवाद को वह उखाड़ फेंकने के लिए क्षेत्रीय देशों के साथ काम करने को तैयार है. बैठक में भारत भी भाग ले रहा है. एससीओ के आठ सदस्य देशों-चीन, कजाकिस्तान, भारत, किरगिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और पाकिस्तान से विशेषज्ञ इस बैठक में शामिल हो रहे हैं.
पाकिस्तान को अमेरिका से मिलने वाली सहायता की समीक्षा: अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कहा कि पाकिस्तान को मिलने वाली आर्थिक सहायता की समीक्षा की जा रही है. पोम्पियो ने कहा कि अमेरिका को पाकिस्तान को किसी भी प्रकार की आर्थिक सहायता तब तक रोक देनी चाहिए जब तक कि वह डॉक्टर शकील आफरीदी को रिहा नहीं कर देता. शकील वह चिकित्सक हैं जिन्होंने ओसामा बिन लादेन के पाकिस्तान में छिपे होने के सबूत दिए थे.

