कर्नाटक विधानसभा की 222 सीटों के लिए डाले गए मतों की गणना
कर्णाटक में 14वीं विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना 15 मई को हुई. इस राज्य की 222 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 12 मई को हुए थे. राज्य में पहली बार सबसे अधिक 72.36 प्रतिशत मत डाले गये। इससे पूर्व 2013 में 71.45 प्रतिशत जबकि 1978 में 71.13 मतदान दर्ज किया गया था। इस विधानसभा की गणना में सत्तारूढ़ कांग्रेस को 78 सीटें जबकि विपक्षी राजनितिक दल भारतीय जनता पार्टी को 104 सीटें प्राप्त हुई. पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेकुलर) 37 सीटें जीतने में सफल रहे हैं.
उल्लेखनीय है की कर्नाटक विधानसभा में कुल 224 सीटें हैं जिसमे 222 सीटों के लिए मतदान हुए थे. कर्नाटक में बर्तमान में कांग्रेस की सरकार है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की इस सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कर रहे हैं.
केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 मई को मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया. इस फेरबदल में अरुण जेटली के स्वस्थ होने तक रेल मंत्री पीयूष गोयल को अस्थायी तौर पर वित्त मंत्रालय का प्रभार दिया गया है. राज्यवर्धन राठौर को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है. स्मृति ईरानी के पास सिर्फ कपड़ा मंत्रालय रहेगा. केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है.
येरुशलम में अमेरिकी दूतावास का उद्घाटन
अमेरिका ने 14 मई को येरुशलम में इजरायल का अपना नया दूतावास खोला। येरुशलम में अमेरिकी दूतावास के उद्घाटन समारोह के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इंवाका और उनके पति जैरेड कुशनर शामिल हुए। वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने वीडियो पर इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे इजरायल के लिए बड़ा दिन बताया। उन्होंने कहा कि इजरायल एक संप्रभु देश है जिसे किसी अन्य संप्रभु देश की तरह ही अपनी राजधानी तय करने के अधिकार प्राप्त हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इजरायल और फलस्तीनियों के बीच स्थाई शांति समझौता कराने को लेकर पूरी तरह कटिबद्ध है। येरुशलम में अमेरिकी दूतावास खोले जाने के मौके पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद थे।
यरुशलम में अमेरिकी दूतावास के खुलने पर हिंसक प्रदर्शन: यरुशलम में अमेरिकी दूतावास के खुलने पर गाजा सीमा के पास हिंसक प्रदर्शन हुए. इस हिंसक प्रदर्शन में इज़रायली सैनिकों के साथ फलस्तीनियों की हुई झड़प में कई फलस्तीनी की मौत हो गयी. इस दूतावास के खुलने पर फलस्तीनी नाराज़ थे.
नेमार को ब्राजील विश्व कप टीम में जगह मिली
नेमार को रूस में होने वाले फुटबाल विश्व कप के लिए ब्राजील की 23 सदस्यीय टीम में जगह दी गई है। नेमार को दाएं पैर के आपरेशन से उबरने के बाद टीम में शामिल किया गया है।
देश-दुनिया: एक दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज
प्रधानमंत्री रूस की यात्रा पर जाएंगे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 मई को रूस की यात्रा पर जाएंगे. वहां वे रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के साथ अनौपचारिक शिखर बैठक करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन के बीच यह अनौपचारिक बैठक रूस के सोची शहर में होगी.
वैश्विक सेवा प्रदर्शनी का उद्घाटन: राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द मुम्बई में वैश्विक सेवा प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। वे 12 उतकृष्ट सेवा क्षेत्रों का भी शुभारंभ करेंगे। प्रदर्शनी में भारत के 25 राज्यों और दुनिया के लगभग एक सौ देशों के 625 प्रदर्शक और पांच सौ विदेशी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता: जर्मनी के हैनोवर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में हीना सिद्धू ने महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। हीना ने फाइनल में फ्रांस की मैथिल्डे लामोले को टाईब्रेकर में हराया। पी हरि निवेता ने 219 दशमलव दो अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

